इंदौर। करोड़ों रुपए के प्लॉट विवाद में चाचा ने भतीजे को मारने के लिए 20 लाख रुपए में सुपारी दी। भतीजे के पीछे-पीछे किराए की टैक्सी से आए दो शूटर ने गुरुवार सुबह अंतिम चौराहे पर युवक पर गोली चला दी। गोली उसकी जांघ में लगी तभी दोस्त ने कार भगा दी। बदमाश ने दूसरी गोली चलाई वह कार के पीछे टकराई। घटना के बाद दोस्त घायल को अस्पताल ले गया। उसकी हालत ठीक है। उधर पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम में दो आरोपियों को उज्जैन के नरसिंह घाट से पकड़ लिया है। उनके पास से दो पिस्टल मिली हैं। एडि. डीसीपी आलोक शर्मा के अनुसार मल्हारगंज क्षेत्र के अंतिम चौराहे पर गुरुवार सुबह 7.30 बजे सरेराह गोलीकांड हुआ। पुणे निवासी तेजस अपने दोस्त गणेश मोहिते निवासी हिंजवाड़ी, पुणे को जख्मी हालत में लेकर थाने पहुंचा था। गणेश ने बताया वह महाकाल दर्शन के लिए आया है सुबह नाश्ते के लिए घूमते हुए अंतिम चौराहे के पास उतरा तभी एक सफेद कार (एमएच-05-4297) पास में रुकी। उसमें से मास्क पहने आगे बैठा युवक उतरा और आते ही गणेश से पूछा तेरी उम्र कितनी है। गणेश ने कारण पूछा तो उसने पिस्टल निकाली और गणेश पर गोली चला दी। मामला देख तेजस ने तुरंत कार दौड़ा दी तो हमलावर ने कार पर भी एक गोली दाग दी। इधर, पहली गोली गणेश की जांघ के आरपार होते हुए सीट में घुस गई थी।टैक्सी को छोड़कर ऑटो से भागे बदमाश बताया जा रहा है कि दो आरोपियों को उज्जैन से पकड़ा है। आरोपियों ने कबूला कि उन्हें 10 महीने पहले संतोष मोहिते ने 20 लाख रुपए में भतीजे गणेश की हत्या की सुपारी दी थी। उन्होंने 5 लाख की पिस्टल खरीदी। तब से वे गणेश की हत्या की प्लानिंग कर रहे थे, लेकिन मौका नहीं मिल रहा था। दो दिन पहले संतोष ने बताया कि गणेश उज्जैन जा रहा है। इस पर हम भी किराए की कार लेकर पुणे से ही गणेश के पीछे लग गए। घटना के बाद हम करीब डेढ़ किमी गए फिर टैक्सी छोड़ दी। हम रिक्शा से बिजासन मंदिर पहुंचे। टेकरी पर दो घंटे बैठने के बाद सुबह करीब 11 बजे रिक्शा से अरबिंदो गए और बस से उज्जैन पहुंचे 12 लोगों की टीम बदमाशों के पीछे लगी इधर, पुलिस ने फुटेज देखे, तकनीक जानकारी निकाली फिर एसीपी विवेक सिंह चौहान, टीआई शिव रघुवंशी, एसआई धुर्वे, मुकेश, सुधीर राय, राजू बघेल, आरक्षक महेश कोडिया, मोंटी धाकड़, शैलेंद्र राजावत, जितेंद्र सिंह, अनिल व अन्य की टीम बदमाशों के पीछे दोपहर 3 बजे उज्जैन पहुंची। नरसिंह घाट पर आरोपियों की जानकारी लगी, लेकिन बारिश हो गई शाम करीब 7 बजे टीआई ने दौड़ लगाकर आरोपियों को पकड़ लिया। अभी मामले का खुलासा नहीं किया है। अफसरों का कहना है संदेहियों से पूछताछ बाद कुछ कहा जा सकेगा। घायल गणेश पुणे की एक कंपनी में काम करता है और दो कमरे के घर में पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। गणेश ने चाचा द्वारा सुपारी देकर हत्या के प्रयास की शंका जताई थी।
0 Comments