निम्बाहेड़ा। चित्तौड़गढ़ से प्रतापगढ़ भाजपा की बैठक लेने जा रहे चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की कार रविवार को प्रातः निम्बाहेड़ा सदर थाना क्षेत्र स्थित सगवाड़िया के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में विधायक आक्या के साथ रानीवाड़ा विधायक नारायण सिंह देवल एवं रेवदर विधायक जगसीराम कोली भी मौजूद थे। दुर्घटना में तीनों विधायकों को कोई क्षति नही पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी एवं पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने तीनों विधायकों से बात कर कुशलक्षेम पूछ घटना के बारे में जानकारी ली। कृपलानी व नवलखा ने तीनों विधायकों के सकुशल होने पर संतोष व्यक्त करते हुए ईश्वर के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ ही निम्बाहेड़ा नगर मण्डल अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, पूर्व ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिम ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत एवं कनेरा मण्डल अध्यक्ष जुगलकिशोर धाकड़ सहित भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भी तीनों विधायकों की कुशलता की जानकारी ली इधर, जानकारी के अनुसार तीनों विधायक प्रतापगढ़ पहुंच गए हैं तथा वहां भारतीय जनता पार्टी की बैठक में भाग ले रहे हैं।


0 Comments