मंदसौर। समाचार पत्र सम्पादक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक 14 नवंबर रविवार को नगरपालिका सभागृह मंदसौर में आयोजित की गई। बैठक में मंदसौर, भानपुरा, गरोठ, शामगढ, सुवासरा, सीतामउ, दलौदा, मल्हारगढ, पिपलियामंडी, कचनारा सहित ग्रामीण अंचलों से 250 पत्रकारों ने शिरकत की। बैठक में सर्वानुमति से पत्रकार साथियों द्वारा संपादक संघ के अध्यक्ष का चुनाव किया गया। जिसमें संपादक संघ के संस्थापक ओकारसिंह ने शेख जफर कुरेशी को समाचार पत्र संपादक संघ का अध्यक्ष बनाने हेतु प्रस्ताव रखा। उपस्थित समस्त पत्रकार साथियों ने अपने दोनों हाथ उठाकर शेख जफर कुरेशी के पक्ष में प्रस्ताव पास किया और सभी की सहमति से शेख जफर कुरैशी को अध्यक्ष चुन लिया गया। संघ के संस्थापक ओकारसिंह ने अपने समस्त साथियों को एक मोती में पिरोने का काम किया और यह भी कहा कि कोई भी पत्रकार साथी अब अलग ना जाए। जिस किसी पत्रकार साथी को कोई समस्या हो बताएं हम उनकी समस्याओं का निराकरण समाचार पत्र सम्पादक संघ के माध्यम से हल करेंगे और संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे। इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में गरोठ के पत्रकार देवीलाल गुर्जर (चम्बल का वैभव) को चुना गया। संस्थापक ओकारसिंह ने मंच के माध्यम से पत्रकार योगेश पोरवाल को हमेशा के लिए संगठन से बाहर करने की घोषणा की। यह जानकारी पत्रकार धर्मेन्द्रसिंह रानेरा (टाइम्स ऑफ मंदसौर) ने दी।

0 Comments