जावी - नीमच जिला मुख्यालय से 12 किमी की दूरी पर स्थित दीन दुखियों के शरण स्थल श्री गुर्जरखेड़ा धाम जावी में शारदीय नवरात्रि की नवमी को वाड़ी विसर्जन के बाद छमाही भविष्यवाणी हुई। सर्वप्रथम श्री गुर्जरखेड़ा धाम पर विराजित सभी देवताओं का पंडित हरिओम तिवारी ने मंत्रोंपचार के साथ सेवादारों से पूजन अर्चन करवाया। तत्पश्चात नवदुर्गा स्वरूप नौ कन्याओं का पूजन हुआ और महाआरती हुई। महाआरती के बाद श्री गुर्जरखेड़ा सरकार पधारें और अन्य देवताओं के आह्वान के बाद मंदिर की एक परिक्रमा की और नाग बांबी का पूजन किया और वाड़ी (पाती) को जलकुंभ में विसर्जित करने के पश्चात श्री गुर्जरखेड़ा सरकार ने पंडाजी घनश्याम लोहार के मुख से भविष्यवाणी करते हुए कहा कि यह मेरी वाणी नही है देव वाणी है देवताओं के आदेश से मानव कल्याण और मानवता की रक्षा के लिये इसे सुनाना आवश्यक है। इसके पश्चात आगामी छमाह की भविष्यवाणी करते हुए श्री गुर्जरखेड़ा सरकार ने कहा कि आने वाले दो माह में सावधानी रखना क्योंकि शासन के कार्य में आपसी विवाद और मतभेद नही हो क्योंकि बिना कारण का विवाद वर्षों तक एक दूसरे से मनमुटाव का कारण बन सकता है इसलिए सावधानी रखना आपसी संबंध खराब नहीं हो संयम में रहना अपनी योग्यता अनुसार कार्य करना आने वाले छमाह में महंगाई बढ़ेगी और शासन के हस्तक्षेप के बाद आंशिक परिवर्तन होगा। आने वाले समय में वस्त्र व्यापार, लौह व्यापार, खाद्यान्न, किराना, सोना चांदी में तेजी रहेगी। सोना चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। आज दिवस से 8 से 10 दिनों के बीच बादल होंगे और कहीं-कहीं बारिश व बूंदाबांदी के योग बनेंगे। अंचल में सुनने को मिलेगा की हल्की-फुल्की बूंदाबांदी हुई है। दोनों दीपावली के बीच बारिश की योग है कही हो भी सकती है और नहीं भी। फसल पकने के समय एक बारिश होगी और ओलावृष्टि भी होगी इस वर्ष ठंड कड़ाके की पड़ेगी। चार पाला गिरेगा दो सामान्य रहेगा और दो में आंशिक या उससे ज्यादा नुकसान झेलना पड़ सकता है। इस वर्ष गेहूं, लहसुन, चना, रायड़ा का बंपर उत्पादन होगा अन्य फसलों की पैदावार भी अच्छी होगी। आने वाले आगामी छमाह में बीमारी का योग नहीं है सामान्य बीमारियां चलेगी। सावधानी रखना, सतर्क रहना दुर्घटना में भी कमी आएगी ऊपरी हवाओं का प्रभाव भी कम रहेगा। देवताओं में जागृति होने से शांति बनी रहेगी। देवताओं का सुमिरन करना, खेड़ा देवत को समय-समय पर पूजना जिससे सुख - शांति और समृद्धि बनी रहेगी। मुझे देव आदेश से जो दिख रहा है वह में बता रहा हूं इन छमाह के आगामी दो माह में सोयाबीन के भाव 5500 से 6000 और बढ़त में रहेंगे, लहसुन में ज्यादा तेजी नहीं रहेगी 15000 से 17000 और 18000 से 20000 के भाव रहेंगे और थोड़ा उतार चढ़ाव चलेगा, गेहूं 2000 से 2500 सामान्य स्थिति में रहेंगे और आगामी समय में 2500 से 3000 और उसे बढ़त लेकर रहेगें। पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था रखना आगामी समय में कमी आएगी। रायडा 5500 से 6000, मेथी 6000 से 7000, मेथा 7000 से 7500 और उतार चढ़ाव लेकर रहेगा, मक्का 1800 से 2200 और बढ़त में रहेंगा, जौ 2000 से 2500 और बढ़त में रहेंगा, अलसी 5000 से 5500, इशोकगुल 18000 से 20000 और 22000 से भी बढ़त लेकर रहेगा, करंजी 13000 से 16000 और 18000 और बढ़त में रहेंगी, धनिया 7000 से 8000, अजवाइन 12000 से 15000 और बढ़त में चलेगा, प्याज आगामी 2 माह में 2000 से 2500 और उसके बाद ओर बढ़त रहेगी, चिया 17000 से 20000 और 25000 से 27000 और छमाह के अंदर 8 से 15 दिवस के लिए और बढ़त लेकर रहेगा, किनोवा सामान्य भाव 4000 से 5500 और 6000 से 7000 तक के भाव रहेंगे। उपज के भाव में आंशिक उतार चढ़ाव रहेगा बुद्धि का उपयोग करें ज्यादा लालच दुख का कारण बनता है। श्री गुर्जरखेड़ा सरकार ने जनमानस को संबोधित करते हुए कहा कि कर्म करना आवश्यक है बुद्धि का उपयोग करें माता-पिता की सेवा करना इष्ट का सुमिरन करना जीवन में सुखी सुखी जीवन यापन करना। गलत मार्ग पर चलना और गलत कार्य करने से परेशानी आती है इसलिए देव का सुमिरन करें और सत्य मार्ग पर चलें एक दूसरे का सहयोग करें। उक्त जानकारी श्री गुर्जरखेड़ा धाम मन्दिर प्रबंध समिति प्रवक्ता दिलीप पाटीदार जावी ने दी।


0 Comments