नीमच नयागांव चेक पोस्ट पर भारी भ्रष्टाचार के चलते राजस्थान से मध्यप्रदेश आने-जाने वाले वाहनों के मालिक और ट्रांसपोर्टर दोहरी मार झेल रहे हैं। चेक पोस्ट पर ट्रक चालकों से हो रही अवैध वसूली का खुला खेल यंहा बदस्तूर जारी है। विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार चेक पोस्ट पर अधिकारी बदल जाने से पूर्व से चल रही भ्रष्टाचारी मासिक पास व्यवस्था बंद हो गई है और अब हर फेरे के लिए 200 से 300 रुपए प्रति गाड़ी अवैध वसूली की जा रही है। चेक पोस्ट पर चल रही इस अवैध वसूली के प्रति केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा एमपी के मुख्यमंत्री को लिखा पत्र भी बेअसर साबित हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान से मध्यप्रदेश के इंदौर तक जाने वाले वाहनों के लिए सेटिंग के तहत प्रति वाहन पांच हजार रूपए में मासिक पास योजना चल रही थी। इस पास के जरिए इंदौर तक की भारवाहन यात्रा बिना किसी अतिरिक्त वसूली के आराम से होती थी। लेकिन पिछले कुछ दिनों से चेक पोस्ट पर नए अधिकारी ने पास सिस्टम को नकार दिया जिससे वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टरों के लिए नई परेशानी पैदा हो गई है और उनको अब हर फेरे के लिए अलग अलग राशि का भुगतान करना पड़ रहा है। इस सिस्टम के कारण कुछ ड्राइवर भी वाहन मालिकों को चूना लगा रहे हैं वो इस तरह कि पहले पास सिस्टम से जाने पर इंदौर तक वेलिड होता था और कहीं भी कुछ और राशि का भुगतान नहीं करना पड़ता था। लेकिन अब ड्राइवर मौका देख चौका लगा देते हैं कि रास्ते में अन्य चेकिंग के नाम कुछ राशि अपनी जेब में रख रहे हैं। इस तरह वाहन मालिकों को दोहरी मार पड़ रही है। सरकार और जन प्रतिनिधी भ्रष्टाचार मिटाने के लाख दावे करे लेकिन अवैध रूप से होने वाली लंबी कमाई का मोह नहीं छूट पा रहा है। बढती मंहगाई के दौर में वाहन मालिक वैसे ही परेशान है और इस तरह होने वाली अवैध वसूली उनकी कमर तोड़ रही है। हालात यह है कि यंहा वसूली नहीं देने पर वाहन एक इंच भी नहीं हिल सकता है। नए अधिकारी की नई वसूली व्यवस्था वाहन चालकों के लिए गले की फांस बनाया हुआ है।


0 Comments